Breaking News

सीबीएसई प्रशिक्षण कार्यक्रम के तहत शिक्षकों को दिया गया एक्टिव लर्निंग का विशेष प्रशिक्षण

(राममिलन शर्मा) लालगंज, रायबरेली। शिक्षा के क्षेत्र में अग्रणी न्यू स्टैंडर्ड पब्लिक स्कूल, लालगंज में सीबीएसई के प्रशिक्षण कार्यक्रम के अंतर्गत एक्टिव लर्निंग विषय पर प्रशिक्षण कार्यक्रम आयोजित किया गया। कार्यक्रम का उद्देश्य शिक्षकों को आधुनिक एवं प्रभावी शिक्षण पद्धतियों से परिचित कराना तथा कक्षा में विद्यार्थियों की सक्रिय सहभागिता को बढ़ावा देना रहा। प्रशिक्षण के दौरान शिक्षकों को विद्यार्थी- केंद्रित शिक्षण, गतिविधि आधारित अधिगम, समूह कार्य, चर्चा एवं सहभागिता के माध्यम से सीखने की प्रक्रिया को अधिक रोचक और प्रभावशाली बनाने के विभिन्न तरीकों की जानकारी दी गई। शिक्षकों ने प्रशिक्षण में सक्रिय सहभागिता करते हुए विभिन्न गति विधियों एवं अभ्यासों के माध्यम से नवीन शिक्षण तकनीकों को समझा। कार्यक्रम में सीबीएसई रिसोर्स पर्सन के रूप में डाॅ. ऋचा भार्गव प्रतापगढ़ एवं श्रीमती वीना पुरवार लखनऊ के द्वारा शिक्षकों को बताया गया कि एक्टिव लर्निंग के माध्यम से विद्यार्थियों में रचनात्मक सोच, समस्या समाधान, आत्मविश्वास तथा विषय की गहन समझ विकसित की जा सकती है। प्रशिक्षण ने शिक्षकों को पारंपरिक शिक्षण पद्धति से आगे बढ़कर अधिक संवादत्मक एवं विद्यार्थी-केंद्रित वातावरण तैयार करने के लिए प्रेरित किया। विद्यालय के प्रधानाचार्य शिवांग अवस्थी ने प्रशिक्षण कार्यक्रम की सराहना करते हुए कहा कि शिक्षकों का निरंतर प्रशिक्षण शिक्षा की गुणवत्ता को बेहतर बनाने में महत्वपूर्ण भूमिका निभाता है। अलग-अलग विद्यालयों के आये हुए प्रतिभागी शिक्षकों ने प्रशिक्षण को ज्ञानवर्धक, उपयोगी एवं प्रेरणादायक बताया तथा प्रशिक्षण में प्राप्त शिक्षण तकनीकों को कक्षा में लागू करने का संकल्प लिया। कार्यक्रम के अंत में प्रशिक्षकों को एनएस पीएस लालगंज प्रधानाचार्य शिवांग अवस्थी, एनएसपीएस त्रिपुला शाखा के उप प्रधानाचार्य फैजान, काॅर्डिनेटर कविता शर्मा, शिव करन पाल द्वारा स्मृति चिन्ह देकर सम्मानित किया गया। कार्यक्रम को सफल बनाने में एनएसपीएस लालगंज के समस्त स्टाफ का प्रयास सराहनीय रहा।

ताजा खबरें