Breaking News

जिले में स्नातक शिक्षक एमएलसी चुनाव में हुआ 57 प्रतिशत मतदान

(बीके सिंह) सीतापुर। उत्तर प्रदेश विधान परिषद के लखनऊ खंड स्नातक एवं शिक्षक निर्वाचन में सीतापुर में देर शाम तक 57 प्रतिशत मतदान हुआ। इस दौरान सपा वाले भाजपा पर तो बीजेपी वाले सपा पर धांधली का आरोप लगाते रहे। कई मतदान केदो पर हंगामे की भी खबर है।खैराबाद में मतदान केंद्र पर जमकर हंगामा हुआ। यहां पर खैराबाद नगर पालिका अध्यक्ष प्रतिनिधि अभिषेक गुप्ता बबलू व भारतीय जनता युवा मोर्चा के जिला महामंत्री अनूप विश्वकर्मा ने गंभीर आरोप लगाए हैं। मतदान केंद्र में सपा नेता की मौजूदगी को लेकर दोनों नेताओं ने सवाल उठाए। वहां मौजूद तमाम भाजपा नेताओं ने सेक्टर मजिस्ट्रेट की कार्यशैली पर भी सवालिया निशान लगाया है। भाजपा नेताओं का आरोप है कि सेक्टर मजिस्ट्रेट की मौजूदगी में मतदान केंद्र के अंदर सपा नेता मौजूद थे। जब भाजपा नेताओं ने इसका विरोध जताया, तब सेक्टर मजिस्ट्रेट ने कोई कार्रवाई न करते हुए सपा नेता को वहां से भगा देने का काम किया। भाजपा नेताओं का कहना है कि सपा नेता समाजवादी पार्टी के प्रत्याशी के पक्ष में वोट डलवा रहा था। करीब डेढ़ घंटे तक खैराबाद मतदान केंद्र पर हंगामा होता रहा। इधर शहर में सपा के पूर्व विधायक राधेश्याम जायसवाल ने धांधली का आरोप लगाया। मतदान के दौरान सपा शिविर में पुलिस से भी पूर्व विधायक राधेश्याम जयसवाल की नोकझोंक हुई। महोली में सपा के पूर्व विधायक अनूप गुप्ता ने भी धांधली का आरोप लगाया। इन्हीं आरोप प्रत्यारोप के बीच मतदान होता रहा। इधर मतदान के दौरान जिलाद्दि कारी डा0 राजागणपति आर एवं पुलिस अधीक्षक अंकुर अग्रवाल ने नगर क्षेत्र में बनाए गए मतदान केंद्र म्यूनिसिपल इंटर कालेज, सीतापुर तथा पी.एम. श्री राजकीय इंटर कालेज, सीतापुर तथा अन्य केंद्रों का निरीक्षण कर व्यवस्थाओं का जायजा लिया। निरीक्षण के दौरान जिलाधिकारी ने मतदान केंद्रों पर उपलब्ध व्यवस्थाओं का अवलोकन किया तथा निर्वाचन प्रक्रिया को शांतिपूर्ण, निष्पक्ष एवं व्यवस्थित ढंग से संपन्न कराने के संबंध में आवश्यक दिशा -निर्देश दिए। जिलाधिकारी ने मतदान ड्यूटी में तैनात अधिकारियों एवं कर्मचारियों को निर्देश दिए कि निर्वाचन आयोग के दिशा-निर्देशों का पूरी गंभीरता से अनुपालन सुनिश्चित किया जाए।
मतदान प्रक्रिया में किसी भी प्रकार की लापरवाही न हो तथा सभी मतदाता निर्भीक होकर अपने मताधिकार का प्रयोग कर सकें। उन्होंने मतदान केंद्रों पर निर्धारित नियमों का पालन सुनिश्चित कराने तथा प्रतिबंधित वस्तुओं को मतदान कक्ष के भीतर ले जाने से रोकने के भी निर्देश दिए। देर शाम तक सीतापुर जनपद में कुल 57 प्रतिशत मतदान हुआ है।

ताजा खबरें