(मनोज मौर्य) सलोन (रायबरेली)। सलोन थाना क्षेत्र के पैगंबरपुर पूर्वी (वार्ड नंबर-4) में रविवार सुबह खेत में जुताई के दौरान एक दर्दनाक हादसे में 8 वर्षीय मासूम लकी की मौत हो गई। घटना से पूरे गांव में शोक की लहर दौड़ गई। जानकारी के अनुसार, शिवमूरत का पुत्र लकी अपने ताऊ के साथ खेत में जुताई का कार्य देखने गया था। खेत में ट्रैक्टर से जुड़े रोटावेटर से जुताई की जा रही थी। इसी दौरान हल्की बारिश के कारण फिसलन होने से बच्चे का पैर फिसल गया और वह रोटावेटर की चपेट में आ गया। बच्चे की चीख सुनकर आसपास मौजूद ग्रामीण मौके पर दौड़े और तत्काल ट्रैक्टर रुकवाकर उसे बाहर निकाला, लेकिन तब तक उसकी मौत हो चुकी थी। घटना के बाद परिजनों में कोहराम मच गया। बताया जाता है कि लकी कक्षा एक का छात्र था और परिवार का इकलौता बेटा था।
सूचना मिलने पर सलोन थाना पुलिस मौके पर पहुंची। थाना प्रभारी बालेंदु गौतम ने बताया कि प्रथम दृष्टया हादसा फिसलन के कारण हुआ है। उन्होंने बताया कि परिजनों ने किसी भी प्रकार की कानूनी कार्रवाई कराने से इनकार किया है। पुलिस ने आवश्यक कार्रवाई पूरी कर मामले का संज्ञान लिया है। इस हादसे ने एक बार फिर खेतों में चलने वाले कृषि उपकरणों के बीच बच्चों की सुरक्षा को लेकर गंभीर सवाल खड़े कर दिए हैं।
सलोन में रोटावेटर की चपेट में आने से 8 वर्षीय मासूम की मौत, गांव में पसरा मातम
