Breaking News

होली-दीपावली पर उज्ज्वला लाभार्थियों को मिलेगी मुफ्त गैस रिफिल की सौगात

सीतापुर के 6 लाख से अधिक परिवारों को मिलेगा लाभ
राज्यमंत्री राकेश राठौर गुरु ने किया योजना का शुभारंभ
(बीके सिंह)
सीतापुर। खैराबाद स्थित भूमिजा हॉल में मंगलवार को प्रधानमंत्री उज्ज्वला योजना के तहत कार्यक्रम आयोजित किया गया। नगर विकास राज्यमंत्री राकेश राठौर गुरु एवं जिला अधिकारी डॉ. राजागणपति आर. ने दीप प्रज्वलित कर कार्यक्रम का शुभारंभ किया। इस दौरान राज्यमंत्री ने कहा कि उज्ज्वला योजना के माध्यम से गरीब परिवारों की महिलाओं को स्वच्छ ईंधन उपलब्ध कराकर उनके स्वास्थ्य और जीवन स्तर में सुधार लाने का प्रयास किया जा रहा है।उन्होंने बताया कि प्रदेश सरकार की ओर से जनपद के लगभग 6 लाख 3 हजार 566 पात्र परिवारों को प्रतिवर्ष होली और दीपावली के अवसर पर दो अतिरिक्त निःशुल्क एलपीजी सिलेंडर रिफिल का लाभ दिया जा रहा है। इससे ग्रामीण एवं आर्थिक रूप से कमजोर परिवारों की महिलाओं को रसोई के खर्च में राहत मिलेगी।राज्यमंत्री ने कहा कि पारंपरिक चूल्हों में लकड़ी, कोयला और उपले जलाने से निकलने वाला धुआं महिलाओं और बच्चों के स्वास्थ्य पर प्रतिकूल प्रभाव डालता है। एल पीजी के इस्तेमाल से धुएं से होने वाली सांस संबंधी बीमारियों और आंखों की समस्याओं का खतरा कम होता है। साथ ही महिलाओं को लकड़ी और उपले जुटाने की मेहनत से छुटकारा मिलता है और खाना बनाने में समय की बचत होती है।उन्होंने बताया कि योजना के अंतर्गत पात्र परिवार की वयस्क महिला के नाम पर बिना सिक्योरिटी जमा किए गैस कनेक्शन उपलब्ध कराया जाता है। इसमें गैस चूल्हा, सिलेंडर, रेगुलेटर और सुरक्षा पाइप दिए जाते हैं। पहले रिफिल के रूप में भरा हुआ 14.2 किलोग्राम का सिलेंडर निःशुल्क उपलब्ध कराया जाता है। वहीं, अतिरिक्त मुफ्त रिफिल की धनराशि डीबी टी के माध्यम से लाभार्थी के आधार लिंक बैंक खाते में भेजी जाती है। राज्यमंत्री ने कहा कि स्वच्छ ईंधन से महिलाओं का समय बचेगा, जिसका उप योग वे स्वयं सहायता समूहों और अन्य रोजगारपरक गतिवि धियों में कर सकेंगी। इससे ग्रामीण महिलाओं की आर्थिक स्थिति मजबूत करने में भी मदद मिलेगी। कार्यक्रम को नगर पालिका अध्यक्ष प्रतिनिधि अभिषेक गुप्ता ने भी संबोधित किया। इस मौके पर संबंधित विभागों के अधिकारी, कर्मचारी एवं योजना के लाभार्थी मौजूद रहे।

ताजा खबरें