नई दिल्ली, जेएनएन। अश्लील फिल्में बनाने के आरोप में गिरफ्तार हुए अभिनेत्री शिल्पा शेट्टी के पति राज कुंद्रा इन दिनों पुलिस कस्टडी में हैं। सोमवार को मुंबई क्राइम ब्रांच ने राज कुंद्रा को गिरफ्तार किया था। मंगलवार को उन्हें कोर्ट में पेश किया गया। जिसके बाद 23 जुलाई तक के लिए उन्हें पुलिस कस्टडी में भेज दिया गया है। राज कुंद्रा को पुलिस कस्टडी में भेजने के बाद मुंबई पुलिस के ज्वाइंट कमिश्नर मिलिंद भराम्बे ने प्रेस कॉन्फ्रेंस कर इस मामले की विस्तार में जानकारी दी।

अंग्रेजी वेबसाइट टाइम्स ऑफ इंडिया की खबर के अनुसार मुंबई पुलिस के ज्वाइंट कमिश्नर मिलिंद भराम्बे ने अश्लील फिल्मों से राज कुंद्रा की होने वाली कमाई के बारे में बताया है। ज्वाइंट कमिश्नर के मुताबिक अश्लील फिल्मों के कारोबार बढ़ने से राज कुंद्रा को रोजाना लाखों की कमाई होती थी। शुरुआत में राज कुंद्रा हर दिन 2-3 लाख रुपये कमाते थे। बाद में यह कमाई बढ़कर 6-8 लाख रुपये प्रतिदिन हो गई थी।

ज्वाइंट कमिश्नर मिलिंद भराम्बे ने कहा, ‘वित्तीय लेनदेन के दस्तावेज हजारों में हैं। हम सटीक आय जानने के लिए विवरण का विश्लेषण कर रहे हैं। इसे उनकी अपराध की आय के रूप में माना जाएगा। अब तक, हमने अलग-अलग बैंक खातों में 7.5 करोड़ रुपये जब्त किए हैं। वहीं एप हॉटशॉट्स को एप्पल और गुगल प्लेस्टोर दोनों जगह से हटा दिया गया है। मुंबई पुलिस ने जांच के दौरान कई हॉटशॉट्स फिल्में, वीडियो क्लिप, व्हाट्सएप चैट आदि जैसे आपत्तिजनक सबूत बरामद किए हैं।’

राज कुंद्रा मोबाइल एप हॉटशॉट्स के जरिए अश्लील फिल्मों को संचालन करते थे। इस एप को उन्होंने इंग्लैंड की एक कंपनी को बेच दिया था। इस कंपनी को उनके बहनोई प्रदीप बक्शी चलाते थे। पुलिस के अनुसार राज कुंद्रा ने साल 2019 में अपनी एप हॉटशॉट्स को इंग्लैंड की कंपनी बहनोई प्रदीप बक्शी बेच दिया था। प्रदीप बक्शी की कंपनी का नाम केनरिन प्राइवेट लिमिटेड (Kenrin Pvt Ltd) था, लेकिन हॉटशॉट्स पर चलने वाले कंटेंट को मुंबई से संचालित किया जाता था।

यह काम राज कुंद्रा के द्वारा किया जाता था। पुलिस के मुताबिक राज कुंद्रा हॉटशॉट्स एप के जरिए अश्लील वीडियो स्ट्रीमिंग में शामिल थे। हॉटशॉट्स को अब मोबाइल प्लेटफॉर्म से हटा दिया गया है। राज कुंद्रा अपनी कंपनी वियान इंडस्ट्रीज के ऑफिस से इंग्लैंड की फर्म केनरिन प्राइवेट लिमिटेड को चलाते थे। मुंबई पुलिस ने बताया कि राज कुंद्रा ने कहा कि उन्होंने 2019 में हॉटशॉट्स को इंग्लैंड की कंपनी केनरिन प्राइवेट लिमिटेड को 25,000 डॉलर में बेच दिया था।