(सौरभ कुमार) 22 नवम्बर। हसेरन, कन्नौज। कन्नौज में बदमाशों ने सरेशाम उरई में तैनात पुलिस कर्मी को लूट लिया। उनके साथ मारपीट की, जिससे वह घायल हो गए। इसके बाद बदमाश उनकी कार लेकर भाग निकले। बताया गया कि पीड़ित पुलिस कर्मी उरई में क्राइम ब्रांच प्रभारी हैं। इस मामले की जानकारी मिलते ही जिले की पुलिस सक्रिय हो गई। बदमाशों का पीछा किया गया तो वह तिर्वा के फगुआ भट्टा के पास कार छोड़कर भाग निकले।
घटना कन्नौज कोतवाली क्षेत्र के जलालपुर पनवारा कस्बे में बाईपास ओवरब्रिज के नजदीक हुई। जहां कार सवार एक पुलिस कर्मी ने शाम करीब 7 बजे पेशाब करने के लिए जैसे ही सड़क किनारे अपनी कार रोकी, तभी 3 बदमाश वहां पहुंच गए। उन्होंने कार सवार व्यक्ति की बुरी तरह पिटाई कर दी और फिर लूटपाट कर उनकी कार लेकर भाग निकले। मामले की जानकारी जलालपुर पनवारा चैकी पुलिस को हुई तो उन्होंने घायल व्यक्ति को पास के ही एक निजी अस्पताल में भर्ती करवा दिया। जानकारी करने पर पता चला घायल व्यक्ति का नाम अवधेश कुमार है और वह यूपी पुलिस में एसआई है। वह उरई जिले में क्राइम ब्रांच प्रभारी है। जिनके साथ कुछ बदमाशों ने मारपीट की और फिर उनकी कार लूट कर भाग गए। इस घटना से पुलिस विभाग में हड़कंप मच गया। जिस ओर बदमाश भागे थे, उधर पुलिस टीमें सक्रिय कर दी गईं।
फगुआ भट्टा के पास मिली कार
उरई के क्राइम ब्रांच प्रभारी से लूटी गई बलेनो कार लेकर बदमाश तिर्वा की ओर भाग निकले। पुलिस ने उनका पीछा किया तो बदमाश तिर्वा कोतवाली क्षेत्र के फगुआ भट्टा गांव का पास कार छोड़कर भाग निकले। लूटी गई कार मिलने पर पुलिस ने कुछ राहत की सांस ली। हालांकि देर रात तक बदमाशों को पुलिस पकड़ नहीं सकी।
उरई से बदायूं जा रहे थे क्राइम ब्रांच प्रभारी
एसआई अवधेश कुमार उरई में क्राइम ब्रांच प्रभारी हैं। उन्होंने बताया कि वह एविडेंस में उरई से बदायूं जा रहे थे। जैसे ही वह कन्नौज से थोड़ा आगे निकले, तभी बदमाशों ने उन्हें घेर लिया और हमला करते हुए कार लूट ली। ज्यादा कुछ बताने से उन्होंने इनकार कर दिया। फिलहाल कन्नौज पुलिस इस पूरे मामले की जांच में जुट गई है।
कन्नौज में बदमाशों ने क्राइम ब्रांच प्रभारी को लूटा, मारपीट के बाद कार लेकर भागे बदमाश

Read Time3 Minute, 13 Second