उपराष्ट्रपति धनखड़ ने कहा कि आज का भारत स्वामी विवेकानंद के सपनों को साकार कर रहा है

RAJNITIK BULLET
0 0
Read Time3 Minute, 27 Second
 Nov 20, 2022
उन्होंने कहा, ‘स्वामी विवेकानंद भारत की युवा सामर्थ्य और प्रतिभा के स्वर्णिम प्रतिनिधि हैं और युवा ही समाज को नयी दिशा देने की क्षमता रखते हैं।’ विवेकानंद के संदेश को समाज के लिए सदैव प्रासंगिक बताते हुए धनखड़ ने कहा कि ‘आजादी के अमृत महोत्सव’ में इस यात्रा का खास महत्व है।

उपराष्ट्रपति जगदीप धनखड़ ने स्वामी विवेकानंद को भारत की युवा सामर्थ्य और प्रतिभा का स्वर्णिम प्रतिनिधि बताते हुए शनिवार को कहा कि आज देश उनके सपनों को साकार कर रहा है। धनखड़ राजस्थान के खेतड़ी (झुंझुनू) में विवेकानंद संदेश यात्रा की शुरूआत के अवसर पर शनिवार को आयोजित कार्यक्रम को संबोधित कर रहे थे। उन्होंने कहा, ‘‘स्वामी विवेकानंद भारत की युवा सामर्थ्य और प्रतिभा के स्वर्णिम प्रतिनिधि हैं और युवा ही समाज को नयी दिशा देने की क्षमता रखते हैं।’’ विवेकानंद के संदेश को समाज के लिए सदैव प्रासंगिक बताते हुए धनखड़ ने कहा कि ‘आजादी के अमृत महोत्सव’ में इस यात्रा का खास महत्व है।

‘शिकागो धर्म संसद’ में स्वामी विवेकानंद के ओजपूर्ण भाषण को याद करते हुए उपराष्ट्रपति ने कहा कि स्वामी विवेकानंद ने विश्व को भारत के वेदान्तिक अध्यात्म से परिचित कराया। उन्होंने प्रसन्नता जतायी कि आज का भारत स्वामी विवेकानंद के सपनों को साकार कर रहा है और निरंतर प्रगति के मार्ग पर बढ़ रहा है। इससे पहले उपराष्ट्रपति ने खेतड़ी से विवेकानंद संदेश यात्रा राजस्थान की शुरूआत की। सात जनवरी 2023 तक चलने वाली यह यात्रा स्वामी विवेकानंद केंद्र कन्याकुमारी, राजस्थान प्रांत तथा भारत सरकार के संस्कृति मंत्रालय के सौजन्य से आयोजित की जा रही है।

पचास दिनों में यह यात्रा, राजस्थान के सभी 33 जिलों में जायेगी तथा स्वामी विवेकानंद के विचारों का व्यापक प्रचार-प्रसार करेगी। इस अवसर पर उपराष्ट्रपति खेतड़ी स्थित रामकृष्ण मिशन में गये और स्वामी विवेकानंद की प्रतिमा पर पुष्पांजलि अर्पित की। उन्होंने विवेकानंद गैलरी का भ्रमण किया। राजस्थान सरकार के मंत्री भंवर सिंह भाटी, विवेकानंद केंद्र कन्याकुमारी के अध्यक्ष ए. बालकृष्णन व रामकृष्ण मिशन खेतड़ी के सचिव स्वामी आत्मनिष्ठानंद महाराज इस अवसर पर मौजूद थे।

Next Post

प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने प्रख्यात कवि सुब्रमण्यम भारती को श्रद्धांजलि दी

Nov […]
👉