(करन मुवाल) नरवाना (हरियाणा)। मजदूर एकता केंद्र(एम ई के) के सदस्यों ने शहीद भगत सिंह चैक पर एकत्रित होकर असंगठित मजदूरों के लिए एक लेबर चैक बनवाने की मांग को लेकर आज से 12 घण्टे की क्रमिक भूख हड़ताल दूसरे दिन भी जारी रही। संगठन के साथी विक्रम, सुमित और कुलदीप आज सुबह 8 बजे भूख हड़ताल पर बैठ गए। संगठन के साथी विक्रम ने बताया कि मांगें मान जाने तक हमारा संघर्ष जारी रहेगा। इस दौरान मजदूरो ने नरवाना प्रशासन के खिलाफ नारेबाजी कर विरोध प्रदर्शन किया। साथी विक्रम ने कहा कि आज उनकी भूख हड़ताल का दूसरा दिन है लेकिन अभी तक प्रशासन और सरकार का कोई भी अधिकारी मजदूरों की सुध लेने नहीं आया। कल और आज मजदूर इतनी गर्मी के मौसम में भूख हड़ताल कर रहे हैं अगर किसी मजदूर की हालत बिगड़ी तो इसके लिए प्रशासन जिम्मेदार होगा। हम पहले भी सभी अधिकारियों से इस संबंध में ज्ञापन सौंप चुके हैं, लेकिन हर बार मजदूरों को सिर्फ झूठा आश्वासन प्रशासन की तरफ से मिला है। आज प्रशासन और सरकार की वादाखिलाफी का ही नतीजा है कि आज मजदूर भूख हड़ताल करने की मजबूर हुए है। साथी कुलदीप ने कहा कि नरवाना शहर में हर जाति, धर्म के नाम पर धर्मशाला खोलने के लिए सरकार करोड़ो रुपए खर्च करने को तैयार है लेकिन, उन मजदूरों के लिए सौ गज जमीन भी उपलब्ध नहीं है जो इस देश और शहर की हर इमारत को बनाने में योगदान देता है। सरकार और नरवाना प्रशासन का आज मजदूर विरोधी चेहरा उजागर हो चुका है। सरकार और नरवाना प्रशासन की अगर इसी तरह अनदेखी चलती रही तो आंदोलन को ओर तेज करने के लिए मजदूर मजबूर होंगे। मजदूर एकता केंद्र मांग करता है कि जल्द से जल्द असंगठित क्षेत्र के मजदूरों के लिए एक लेबर चैक का निर्माण किया जाए अन्यथा इस मांग को लेकर मजदूर आंदोलन को ओर तेज करने से भी पीछे नहीं हटेंगे। इस मौके पर खुशीराम, सुमित, सूबे सिंह, ज्ञानी, राजेश, बलजीत, अनूप, सोनू, संजय, दिलबाग आदि मौजूद रहे।
लेबर चैक की मांग को लेकर मजदूरों की दूसरे दिन भी भूख हड़ताल जारी

Read Time2 Minute, 53 Second